ठाणे: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ठाणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों ने अत्यधिक तनाव, वायरल बुखार और कमजोरी के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी. पिछले कुछ दिनों से विधानमंडल सत्र और लगातार राजनीतिक गतिविधियों के कारण एकनाथ शिंदे काफी व्यस्त थे.
बुधवार को विधानसभा में ही उन्हें बुखार की शिकायत हुई. इसके बावजूद वह ठाणे के कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे, लेकिन तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्होंने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए. रात में उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति स्थिर है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है.
राजनीतिक कार्यक्रम प्रभावित
एकनाथ शिंदे के अस्पताल में भर्ती होने के कारण ठाणे में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ. धुले से शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) की नेता शुभांगी पाटिल का पार्टी प्रवेश समारोह टाल दिया गया, जिसे बाद में देर रात 2 बजे कल्याण सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में पूरा किया गया. महाराष्ट्र सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक चिंता की कोई बात नहीं है और वे जल्द स्वस्थ होकर काम पर लौटेंगे.