नई दिल्ली: प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मैंने अपने घर से लपटें देखीं और फिर नीचे आकर देखा कि क्या हुआ. बहुत तेज धमाका हुआ था. मैं पास में ही रहता हूं. मैंने जीवन में कभी इतना तेज धमाका नहीं सुना. एक स्थानीय दुकानदार ने कहा कि धमाके से मैं तीन बार गिर पड़ा. लगा कि हम सब मर जाएंगे. एक अन्य गवाह ने कहा कि जब हम पास आए तो सड़क पर शरीर के अंग बिखरे देखे.
किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ. कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं. उन्होंने आगे कहा कि जब सड़क पर किसी का हाथ देखा तो हम पूरी तरह सदमे में आ गए. इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता. लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाके के बाद उत्तर प्रदेश को रेड अलर्ट पर डाल दिया गया है.
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा कि डीजीपी ने राज्य के सभी सीनियर अधिकारियों को संवेदनशील धार्मिक स्थलों, संवेदनशील जिलों और बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. अमिताभ यश ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है. लखनऊ से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग बढ़ाने का आदेश जारी किया गया.