लखनऊ में फर्जी IPS बनकर रौब झाड़ रहा था शख्स, 40 रुपये के बन-मक्खन को लेकर खुली पोल

Global Bharat 16 Jun 2026 05:04: PM 1 Mins
लखनऊ में फर्जी IPS बनकर रौब झाड़ रहा था शख्स, 40 रुपये के बन-मक्खन को लेकर खुली पोल

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लखनऊ में खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों पर रौब गांठने वाले एक शख्स की हकीकत उस समय सामने आ गई, जब उसने एक दुकान से सामान लेने के बाद पैसे देने से इनकार कर दिया. मामला 15 जून का बताया जा रहा है, जहां पुलिस महानगर क्षेत्र के गोल मार्केट चौराहे पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी.

इसी दौरान कुछ दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी कि सफेद शर्ट पहने एक व्यक्ति खुद को बड़ा अधिकारी बताकर दुकानों पर दबाव बना रहा है. आरोप था कि उसने एक दुकान से बन-मक्खन लिया, लेकिन उसके पैसे नहीं दिए. जब दुकानदार ने भुगतान मांगा तो वह गुस्सा हो गया और खुद को आईपीएस अधिकारी बताते हुए धमकाने लगा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में था और बार-बार अपने पद का रौब दिखा रहा था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उससे पूछताछ शुरू की. शुरुआत में वह पुलिसकर्मियों से भी ऊंची आवाज में बात करता रहा और खुद को अधिकारी बताकर कार्रवाई की धमकी देने लगा.

हालांकि जब पुलिस ने उससे पहचान पत्र और तैनाती से जुड़े दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह कोई ठोस जवाब नहीं दे सका. उसने दावा किया कि वह नोएडा में तैनात है और निरीक्षण के लिए लखनऊ आया है, लेकिन अपनी पहचान साबित नहीं कर पाया.

संदेह बढ़ने पर पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई. जांच में उसकी पहचान लखनऊ निवासी 40 वर्षीय मिथिलेश शुक्ला के रूप में हुई. पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले कितने लोगों को इसी तरह झांसा दिया या किसी प्रकार की ठगी की है.

Fake IPS Officer Lucknow Mithilesh Shukla Arrested Lucknow Police Action Bun Makkhan Payment Dispute Fake Officer Fraud Case India

Description of the author

Recent News