Falta Seat Result 2026 : दक्षिण 24 परगना की फाल्टा विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार देबांशु पांडा ने 2026 के चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर कर दिया है. कभी टीएमसी का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली फाल्टा सीट पर देबांशु पांडा करीब एक लाख वोटों की भारी बढ़त के साथ जीत के मुहाने पर पहुंच गए हैं. शुरुआती राउंड से ही उन्होंने लगातार बढ़त बनाए रखी और अब उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है.
स्नातक तक शिक्षित देबांशु पांडा पेशे से अधिवक्ता हैं. चुनावी शपथ पत्र के अनुसार उनके पास करीब 1.9 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है, जबकि उन पर लगभग 12 लाख रुपये की देनदारियां हैं. उन्होंने अपनी वार्षिक आय 12 रुपये लाख घोषित की है. वहीं, उनके खिलाफ 17 आपराधिक मामले लंबित बताए गए हैं, जिनमें कई गंभीर धाराएं शामिल हैं.
फाल्टा सीट पर इस बार चुनाव बेहद चर्चित रहा. चुनावी अनियमितताओं के आरोपों के बाद यहां 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया था, जहां 86 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज हुआ. भारी केंद्रीय बलों की तैनाती, ड्रोन निगरानी और राजनीतिक तनाव के बीच हुए इस चुनाव में बीजेपी ने जोरदार प्रदर्शन किया. मतगणना के दौरान कई राउंड में देबांशु पांडा की बढ़त लगातार बढ़ती गई. जानकारी के मुताबिक टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान काफी पीछे चले गए और बीजेपी खेमे में जश्न का माहौल बन गया.