तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) एक बार फिर मुसिबत में फंसती हुई नजर आ रही है. क्योंकि राष्ट्रीय महिला आयोग (National Women Commission) की प्रमुख रेखा शर्मा के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करना महुआ को भारी पड़ गया है. इस मामले में उनपर दिल्ली पुलिस के द्वारा FIR दर्ज की गई है. महुआ मोइत्रा पर महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने को लेकर मामला दर्ज किया गया है.
बताते चलें कि कुछ दिन पहले राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की तरफ से जानकारी दी गई थी कि आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा पर अभद्र टिप्पणी को लेकर टीएमसी (TMC) लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है.
ज्ञात हो कि हाल ही में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने हाथरस में हुई भगदड़ स्थल का दौरा किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया गया था. इसी वीडियो को लेकर सांसद महुआ मोइत्रा ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. साथ ही शिकायत से संबंधित एक लेटर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को भी भेजा था. लेटर में कहा गया है कि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की टिप्पणी बेहद निंदनीय है.
वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग से शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. पुलिस को दिए गए शिकायत में कहा गया है कि टीएमसी सांसद द्वारा की गई टिप्पणी न केवल अपमानजनक है, बल्कि एक महिला के अधिकार का उल्लंघन भी है. शिकायत में कहा गया है कि महुआ द्वारा की गई टिप्पणी भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 79 के अंतर्गत आती है. इसलिए महुआ मोइत्रा पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
आयोग की शिकायत में कहा गया था कि महुआ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए और 3 दिनों के अंदर आयोग को विस्तृत कार्रवाई से अवगत कराया जाना चाहिए. दरअसल टिप्पणी में टीएमसी सांसद ने लिखा था कि वह यानी राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष अपने बॉस का पजामा पकड़ने में बहुत व्यस्त हैं. बता दें कि इससे पहले भी टीएमसी सांसद विभिन्न विवादों में फंस चुकी हैं.