फिरोजाबाद : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी जीवित पत्नी का ही पिंडदान कर दिया. आरोप है कि जितेंद्र प्रकाश नाम के व्यक्ति ने यमुना नदी के किनारे विधि-विधान से पिंडदान किया और उसका वीडियो बनाकर अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर भी साझा कर दिया. इतना ही नहीं, उसने पत्नी दीपा की तस्वीर के साथ 'स्वर्गीय' भी लिखवाया, जिसे देखकर परिवार और परिचित भी हैरान रह गए.
जानकारी के अनुसार, जब दीपा ने सोशल मीडिया पर अपना पिंडदान वाला वीडियो देखा तो वह स्तब्ध रह गई, इसके बाद वह सीधे थाना लाइनपार पहुंची और पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. महिला का कहना है कि इस हरकत से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा है और उसे मानसिक रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है.
बताया जा रहा है कि जितेंद्र और दीपा ने प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे भी हैं. हालांकि, समय के साथ दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पति शराब का आदी है. अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय भी वह शराब के नशे में था और उसी दौरान उसने यह पूरी हरकत की.
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग इस घटना पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.