कांग्रेस से इस्तीफा दे चुकीं राधिका खेड़ा BJP में हुई शामिल, अभिनेता शेखर सुमन ने भी थामा दामन
कांग्रेस से इस्तीफा दे चुकीं राधिका खेड़ा और अभिनेता शेखर सुमन दोनों मंगलवार को BJP में शामिल हो गए हैं. राधिका खेड़ा ने दो दिन पहले ही कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया था. राधिका ने अपने साथ छत्तीसगढ़ में कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने और साजिश का आरोप लगाया था.
उनका दावा है कि उन्होंने यह मुद्दा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष उठाया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ मीडिया चेयरमैन सुशील आनंद शुक्ला ने मुझे शराब की पेशकश की, उसके साथ एक और शख्स धनंजय ठाकुर था.
वहीं बीजेपी में शामिल होने के बाद कांग्रेस की पूर्व नेता राधिका खेड़ा बोलीं कि रामभक्त होने के नाते रामलला के दर्शन करने के लिए कौशल्या माता की धरती पर मेरे साथ जिस तरह से दुर्व्यवहार किया गया. अगर मुझे भाजपा सरकार, मोदी सरकार का संरक्षण नहीं मिला होता तो मैं यहां तक नहीं पहुंच पाती. आज की कांग्रेस महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं है, यह राम विरोधी, हिंदू विरोधी कांग्रेस है.
साथ ही अभिनेता शेखर सुमन ने कहा कि कल तक मुझे नहीं पता था कि मैं आज यहां बैठूंगा क्योंकि जीवन में कई चीजें जाने-अनजाने में होती हैं. मैं यहां बहुत सकारात्मक सोच के साथ आया हूं और भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उसने मुझे यहां आने का आदेश दिया.