BJP टिकट नहीं देगी तो कांग्रेस में हो जाऊंगा शामिल, पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने रखी शर्त...

Global Bharat 03 Sep 2024 02:48: PM 1 Mins
BJP टिकट नहीं देगी तो कांग्रेस में हो जाऊंगा शामिल, पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने रखी शर्त...

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सामने पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने बड़ी शर्त रख दी है, जिससे बीजेपी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा है कि अगर उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो वह कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे. नरबीर सिंह ने बादशाहपुर से टिकट की मांग की है.

दिलचस्प बात यह है कि इस सीट से वरिष्ठ बीजेपी नेता सुधा यादव, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के पूर्व ओएसडी समेत कई बड़े नेताओं ने दावेदारी पेश की है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नरबीर सिंह ने साफ कर दिया है कि वह इस बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव नहीं लडेंगे.

नरबीर सिंह ने कहा है कि उन्हें 2019 में टिकट नहीं दिया गया था और इसबार निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव नहीं लडूंगा. उन्होंने कहा कि मैदान में सिर्फ दो ही पार्टियां शामिल है, तो अगर भाजपा टिकट नहीं देती है तो कांग्रेस की दामन थाम लूंगा. उन्होंने दावा किया है कि बादशाहपुर सीट से अगर टिकट मिल जाता है तो वह यहां से चुनाव जीत जाएंगे.

सूत्रों ने दावा किया है कि इस सीट से पूर्व सांसद सुधा यादव ने भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. साथ ही गुरुग्राम सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी इस सीट को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं. इस स्थिति में यहां से नरबीर सिंह यादव को टिकट मिलना मुश्किल है. हालांकि पार्टी ने इस सीट पर अभी टिकट का ऐलान नहीं किया है.

2019 में हारने वाले मनीष यादव भी टिकट की तलाश में जुटे हुए हैं. बादशाहपुर सीट की बात करें तो यह राज्य की सबसे बड़ी सीट है. यहां कुल 4.5 लाख मतदाता हैं. जातीय समीकरण की बात करें तो इस सीट पर करीब 1.25 लाख यादव, 60 हजार जाट, 50 हजार अनुसूचित जाति, 35 हजार ब्राह्मण और 30 हजार पंजाबी रहते हैं. साथ ही यहां पर मुस्लिम, गुज्जर, राजपूत मतदाता भी बड़ी संख्या में रहते हैं.

Recent News