पूर्व पाकिस्तानी कप्तान का हैरान करने वाला बयान, 'अब भारत और पाकिस्तान में ना हो ICC इवेंट्स'

Ajay Thakur 23 Nov 2024 02:29: PM 1 Mins
पूर्व पाकिस्तानी कप्तान का हैरान करने वाला बयान, 'अब भारत और पाकिस्तान में ना हो ICC इवेंट्स'

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेज़बानी पाकिस्तान को मिली है, लेकिन भारत ने पाकिस्तान में होने वाले इस टूर्नामेंट में भाग लेने से मना कर दिया है. भारतीय सरकार ने पाकिस्तान में होने वाले इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया को भेजने से साफ इनकार कर दिया है, जिसके बाद टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. इस स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने एक विवादास्पद सलाह दी है.

राशिद लतीफ ने इंटरव्यू में कहा कि आईसीसी (International Cricket Council) को भारत और पाकिस्तान दोनों देशों को तब तक कोई भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने का अधिकार नहीं देना चाहिए, जब तक दोनों देशों के बीच के मुद्दे हल नहीं हो जाते. उन्होंने कहा, "मैं आईसीसी से यह अपील करता हूं कि 2024-2031 के दौरान भारत और पाकिस्तान को कोई भी मेज़बानी देने से पहले दोनों बोर्डों को आपस में अपने विवादों को सुलझाने का निर्देश दिया जाए."

राशिद लतीफ की यह सलाह इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय टीम का पाकिस्तान में खेलना राजनीतिक तनाव के कारण एक विवादित मुद्दा रहा है. 2008 के बाद से भारत ने कभी पाकिस्तान में क्रिकेट नहीं खेला है. हालांकि पाकिस्तान की टीम भारत में कई बार आ चुकी है.

भारत और पाकिस्तान के बीच यह क्रिकेट विवाद उस वक्त भी सामने आया था जब पाकिस्तान को 2023 एशिया कप की मेज़बानी दी गई थी. हालांकि, इस टूर्नामेंट को एक हाइब्रिड फॉर्मेट में आयोजित किया गया, जिसमें पाकिस्तान में मैचों का आयोजन नहीं हुआ. सभी भारतीय मैच श्रीलंका में खेले गए थे.

भारत द्वारा पाकिस्तान में खेलने से इनकार करने के बाद, आईसीसी इस मामले को लेकर एक हाइब्रिड मॉडल पर विचार कर रहा है, लेकिन इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

2025 चैंपियंस ट्रॉफी पर उत्पन्न हुआ यह विवाद अब क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आईसीसी इस मुद्दे पर क्या कदम उठाती है और पाकिस्तान और भारत के बीच क्रिकेट संबंधों का भविष्य क्या होता है.

ICC Champions Trophy 2025 INDIA Pakistan Rashid Latif

Recent News