बेटा नहीं हुआ तो खूनी बना पिता! पहले पत्नी-बेटी की हत्या, फिर छोटी बेटी पर चाकू से वार, मचा हड़कम्प

Global Bharat 22 Aug 2026 02:26 PM 1 Mins
बेटा नहीं हुआ तो खूनी बना पिता! पहले पत्नी-बेटी की हत्या, फिर छोटी बेटी पर चाकू से वार, मचा हड़कम्प

गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में बेटे की चाहत में एक व्यक्ति ने अपने ही परिवार को खून से रंग दिया. शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे लोकप्रिय विहार कॉलोनी में 45 वर्षीय राजा अंसारी ने कथित तौर पर अपनी 35 वर्षीय पत्नी तबस्सुम और 15 वर्षीय बेटी सना की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. वारदात के दौरान 14 वर्षीय छोटी बेटी ने मां और बहन को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया. घायल किशोरी किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर घर के बाहर भागी और शोर मचाने लगी.

किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ लिया और सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया. दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं, जबकि घायल किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी राजा अंसारी मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है. वह खोड़ा मंडी में मुंशी का काम करता था और लोकप्रिय विहार कॉलोनी में किराए के मकान में पत्नी और दो बेटियों के साथ रहता था.

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी बेटा नहीं होने से नाराज था. इसी वजह से उसने परिवार के साथ यह खौफनाक कदम उठाया. हालांकि हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना से पहले परिवार में क्या विवाद हुआ था, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है. घटनास्थल से चाकू समेत अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है.

Ghaziabad Murder Case Khoda Double Murder Son Preference Crime Raja Ansari Wife and Daughter Murder

Description of the author

Recent News