गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के वैशाली इलाके में पुलिस ने एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में संचालित मून लोट्स थैरेपी सेंटर पर छापेमारी कर कथित तौर पर चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया. पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से 23 युवतियों, 5 ग्राहकों और एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया. शुरुआती जांच में आरोप है कि थैरेपी और स्पा की आड़ में अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा था.
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने सेंटर पर छापा मारा. तलाशी के दौरान कई कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. पुलिस मौके से मिले दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके. छापेमारी के समय सेंटर का मालिक मौके पर नहीं मिला. पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है. यह भी जांच की जा रही है कि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोग कौन हैं, महिलाओं को किस तरह यहां लाया गया और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है.
हिरासत में ली गई युवतियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे इस काम में स्वेच्छा से शामिल थीं या उन्हें बहला-फुसलाकर अथवा किसी दबाव में यहां रखा गया था. यदि मानव तस्करी या जबरन देह व्यापार के सबूत मिलते हैं तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई और बढ़ाई जा सकती है.
गाजियाबाद और एनसीआर क्षेत्र में इससे पहले भी स्पा और थैरेपी सेंटर की आड़ में देह व्यापार के कई मामलों का खुलासा हो चुका है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में भी पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी और फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.