गोंडा में BJP नेता उदयभान सिंह फिर गिरफ्तार, जेल से छूटते ही निकाला 25 किलोमीटर का काफिला

Global Bharat 20 May 2026 09:14: PM 2 Mins
गोंडा में BJP नेता उदयभान सिंह फिर गिरफ्तार, जेल से छूटते ही निकाला 25 किलोमीटर का काफिला

उत्तर प्रदेश के गोंडा में बीजेपी नेता उदयभान सिंह उर्फ ललन सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। दो साल बाद जेल से जमानत पर बाहर आए उदयभान ने ऐसा शक्ति प्रदर्शन किया कि योगी सरकार की पुलिस ने दोबारा उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गोंडा की सड़कों पर निकला लंबा काफिला किसी बाहुबली फिल्म के दृश्य जैसा दिखाई दिया। आधा दर्जन लग्जरी गाड़ियां, एक दर्जन से ज्यादा बाइक और “लल्लन दादा जिंदाबाद” जैसे नारों के बीच उदयभान सिंह जेल से अपने गांव तक पहुंचा। लेकिन यही प्रदर्शन उसके लिए मुसीबत बन गया।

हाईकोर्ट से मिली थी जमानत

जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 की शाम इलाहाबाद हाईकोर्ट से उदयभान सिंह को जमानत मिली थी। जेल से रिहा होने के बाद वह गोंडा जेल से परसपुर के राजा टोला स्थित अपने घर तक करीब 25 किलोमीटर लंबा काफिला लेकर पहुंचा।

काफिले में कई लग्जरी कारें और बाइक शामिल थीं। इसी दौरान काफिला उस रास्ते से गुजरा जहां से गुजरने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि काफिला सपा नेता ओमप्रकाश सिंह के घर के सामने रुका और वहां नारेबाजी की गई।

बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश सिंह की हत्या के मामले में ही उदयभान सिंह आरोपी था। ऐसे में पीड़ित पक्ष के घर के सामने शक्ति प्रदर्शन को पुलिस ने गंभीरता से लिया।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस का एक्शन

19 अप्रैल को इस पूरे काफिले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद गोंडा के एसपी विनीत जायसवाल ने मामले का संज्ञान लिया।

पुलिस ने इसे जमानत की शर्तों का उल्लंघन माना और जांच शुरू कर दी। करीब एक महीने की जांच के बाद 19 मई को उदयभान सिंह को दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

2024 के चर्चित हत्याकांड से जुड़ा मामला

यह मामला जुलाई 2024 में हुए चर्चित हत्याकांड से जुड़ा है। आरोप था कि राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई में उदयभान सिंह अपने बेटों और साथियों के साथ सपा नेता ओमप्रकाश सिंह के घर पहुंचा था, जहां दिनदहाड़े हत्या की वारदात हुई।

इस मामले में उदयभान सिंह, उसके बेटों सूरज, नंदन और धर्मवीर समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव पैदा हुआ था और पुलिस पर कार्रवाई में देरी के आरोप लगे थे।

बाद में पुलिस ने कार्रवाई तेज की। एक आरोपी रोहित सिंह एनकाउंटर में घायल हुआ, जबकि फरार चल रहे उदयभान सिंह पर इनाम घोषित किया गया था। बाद में पुलिस कार्रवाई में वह भी गिरफ्तार हुआ।

योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर फिर चर्चा

उदयभान सिंह की दोबारा गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था और योगी सरकार की कार्रवाई पर फिर चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस का कहना है कि जमानत मिलने का मतलब कानून से ऊपर होना नहीं है और कोई भी व्यक्ति नियम तोड़ेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

इस पूरे मामले को लेकर इलाके में राजनीतिक माहौल भी गर्म है। एक तरफ समर्थक इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ विपक्ष और स्थानीय लोग इसे कानून व्यवस्था से जोड़कर देख रहे हैं।

Description of the author

Recent News