केरल : आज के समय में, जब छोटी-छोटी रकम उधार लेकर भी कई लोग लौटाने से बचते हैं, तेलंगाना के जगित्याल जिले से ईमानदारी और दोस्ती की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है. केरल के पलक्कड़ निवासी मोहम्मद इस्माइल ने 25 साल पहले लिया गया कर्ज चुकाने के लिए सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर अपने पुराने दोस्त से किया वादा निभाया.
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद इस्माइल और जगित्याल जिले के धर्मपुरी निवासी एडला लच्छन्न करीब 25 वर्ष पहले सऊदी अरब की एक निजी कंपनी में साथ काम करते थे. उसी दौरान किसी व्यक्तिगत जरूरत के कारण इस्माइल ने लच्छन्न से कुछ पैसे उधार लिए थे. भारत लौटने से पहले उन्होंने भरोसा दिलाया था कि एक दिन वह यह रकम जरूर लौटाएंगे.
समय बीतता गया. दोनों अपने-अपने परिवार और जीवन की जिम्मेदारियों में व्यस्त हो गए. वर्षों तक उनका संपर्क भी नहीं रहा, लेकिन इस्माइल अपने दोस्त से किया गया वादा नहीं भूले. हाल ही में उन्होंने लच्छन्न का पता लगाया और केरल से तेलंगाना पहुंचकर उनसे मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने वर्षों पहले लिया गया पूरा कर्ज लौटा दिया.
इतने लंबे समय बाद अपने दोस्त को सामने देखकर लच्छन्न भी भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि 25 साल बाद कोई व्यक्ति सिर्फ वादा निभाने के लिए इतनी दूर से आएगा. इस घटना ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया और सभी ने इस्माइल की ईमानदारी की जमकर सराहना की.
सोशल मीडिया पर भी यह कहानी तेजी से वायरल हो रही है. लोग इसे सच्ची दोस्ती, भरोसे और इंसानियत की मिसाल बता रहे हैं. यह घटना साबित करती है कि वक्त चाहे कितना भी बीत जाए, अगर नीयत साफ हो तो इंसान अपना वादा निभाने का रास्ता जरूर ढूंढ लेता है.