नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना ने खुशियों के मौके को मातम में बदल दिया. गुरसराय क्षेत्र में डॉ. राम मनोहर लोहिया महिला महाविद्यालय के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें सगाई समारोह से लौट रहे 16 लोग सवार थे.
इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए. मृतकों में दुल्हन के चचेरे भाई-बहन और समारोह में पूजा कराने वाले पंडित शामिल हैं. ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और परखच्चे उड़ गए. ट्रक चालक ने घटनास्थल से वाहन लेकर फरार होने की कोशिश की.
दरअसल, कैरोखर गांव की रहने वाली रानी की सगाई बंगरा बिरौना गांव में शुक्रवार रात विनीत पैलेस में संपन्न हुई थी. समारोह समाप्त होने के बाद उनका चचेरा भाई नारायण दास ऑटो से परिवार के सदस्यों को गांव वापस ले जा रहा था. रास्ते में अचानक सामने से आ रहे ट्रक ने भीषण टक्कर कर दी.
मौके पर ही दुल्हन की चचेरी बहन जानकी और पंडित सीता रमैया गौतम की मौत हो गई. ऑटो चालक नारायण दास को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी जान चली गई. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
घायलों में जगवती, मन्नू, जयकुंवर, शीला देवी, हीरा देवी, शिवानी और कल्लू पाल को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. पार्वती का इलाज किसी निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि द्रौपदी, जैश, सचिन, रामवती और अरविन्द गुरसराय के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं.
यह हादसा इलाके में शोक की लहर पैदा कर गया है, जहां कुछ घंटे पहले खुशियां बंट रही थीं, अब आंसू बह रहे हैं. ट्रक चालक की तलाश जारी है.