नई दिल्ली: भारत की पहली बुलेट ट्रेन अब आंखों के सामने है. रेल मंत्रालय के गेट नंबर-4 पर देश की आगामी हाई-स्पीड ट्रेन की भव्य तस्वीर लगाई गई है, जो लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह और चर्चा का विषय बन गई है. यह तस्वीर मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की झलक पेश कर रही है. जापान की आधुनिक तकनीक पर आधारित यह ट्रेन आकर्षक डिजाइन, स्ट्रीमलाइन्ड शेप और हाई-स्पीड क्षमता के साथ नजर आ रही है.
सोशल मीडिया पर इस फोटो को शेयर करते हुए लोग इसे भारतीय रेलवे के नए युग की शुरुआत बता रहे हैं. भारत सरकार लंबे समय से हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने पर काम कर रही है. मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर इस दिशा में सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना है. हाल ही में विक्रोली में इस प्रोजेक्ट के तहत पहली टनल बोरिंग मशीन (TBM) का कटरहेड नीचे उतारा गया है.
21 किलोमीटर लंबी सुरंग के निर्माण में दो विशाल TBM मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें भारत की पहली समुद्री रेल सुरंग (ठाणे क्रीक) भी शामिल है. यह बुलेट ट्रेन यात्रियों को तेज, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं मुहैया कराएगी.
विशेषज्ञ के मुताबिक, इसके शुरू होने से बड़े शहरों के बीच यात्रा का समय कम हो जाएगा, साथ ही आर्थिक विकास, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. रेल मंत्रालय द्वारा लगाई गई यह तस्वीर आम लोगों को बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट से जोड़ने और उत्साह बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बन गई है.