तेहरान: ईरान की संसद ने रविवार को मेहराद अखलाकी केटाब्ची को नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया है. आठ महीने बाद देश को नया रक्षा मंत्री मिला है. पद संभालते ही अखलाकी ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अगर अमेरिकी दुश्मनों ने कोई गलत कदम उठाया तो उनकी खैर नहीं. ईरान के लोगों और इस्लाम के रक्षकों का जवाब और ज्यादा खतरनाक व हैरान करने वाला होगा.
अमेरिका को क्या चेतावनी दी?
अखलाकी ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति को ध्यान देना चाहिए कि उनकी सेनाएं हमारे क्षेत्र से सुरक्षित रूप से वापस लौटें. अगर उन्होंने एक भी बम गिराया, तो उन्हें देखना पड़ेगा कि उनके कितने सैनिक यहां से अंतिम यात्रा पर निकलेंगे. उन्होंने विशेष रूप से अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ ‘मदर ऑफ ऑल बम’ (GBU-43/B) के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी. यह अमेरिका के सबसे बड़े गैर-परमाणु बमों में से एक है. हाल ही में सीएनएन रिपोर्ट में कहा गया था कि अगर ट्रंप नए सैन्य ऑपरेशन का आदेश देते हैं तो न्यूक्लियर ठिकानों पर इस बम का इस्तेमाल किया जा सकता है.
कौन हैं नए रक्षा मंत्री?
मेहराद अखलाकी ने माजिद इब्न अल-रेजा की जगह ली है. अजीज नसिरजादेह के फरवरी में अमेरिकी-इजरायली हवाई हमलों में मारे जाने के बाद इब्न अल-रेजा अस्थायी रूप से जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अखलाकी ने ईरान की रक्षा इंडस्ट्री में दशकों बिताए हैं. वे एयरोस्पेस और मिसाइल सेक्टर में वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं. अमेरिका और यूरोपीय संघ ने उन पर प्रतिबंध लगाए हुए हैं.
उन्होंने सैन्य-औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर को फिर से बनाने, रक्षा तकनीकों के विकास को तेज करने और निजी क्षेत्र के साथ सहयोग बढ़ाने का वादा किया है. इस बीच ईरान की आईआरजीसी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक टैंकर में आग लगने का दावा किया है, जिसमें 20 लाख बैरल से अधिक कच्चा तेल था. ईरान का आरोप है कि जहाज ने रडार बंद कर अमेरिकी सहयोग से गुजरने की कोशिश की थी.