लंदन की सड़क पर बेहोश मिलीं UAE शाही परिवार की महिला, कोर्ट ने सुनाई सजा

Amanat Ansari 17 Oct 2026 05:47 PM 1 Mins
लंदन की सड़क पर बेहोश मिलीं UAE शाही परिवार की महिला, कोर्ट ने सुनाई सजा

Mahrah Al Nahyan: लंदन की एक व्यस्त सड़क पर संयुक्त अरब अमीरात के शाही परिवार से जुड़ी महिला महराह अल नाहयान बेहोश हालत में मिलीं. उनके पास तीन साल का एक बच्चा बिना जूतों के सड़क के किनारे खेल रहा था, जबकि पास में एक आदमी भी बेसुध पड़ा था. आम लोगों ने बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित की और पुलिस बुलाई.

32 वर्षीय महराह अल नाहयान शादी के जरिए अबू धाबी के शाही परिवार का हिस्सा बनी हैं. 13 जून को पश्चिमी लंदन में वे रेलिंग के सहारे बेसुध बैठी मिलीं. जब होश आया तो उन्होंने कथित तौर पर कहा, “यह कोई कसाईखाना तो नहीं है, आप लोग इतनी परवाह क्यों कर रहे हैं?”

पुलिस की तलाशी में नशीले पदार्थों से जुड़ी कुछ चीजें मिलीं, हालांकि कोई अवैध नशीला पदार्थ नहीं मिला. अदालत में महराह ने बच्चे की देखभाल में लापरवाही बरतने का जुर्म कबूल कर लिया. उनके वकील ने बताया कि उस दिन उन्होंने ड्रग्स नहीं लिए थे, लेकिन उससे पहले के दिनों में कोकीन के इस्तेमाल से वे अत्यधिक थक गई थीं.

साउथवार्क क्राउन कोर्ट के जज ने कहा कि अगर आम लोगों ने हस्तक्षेप न किया होता तो नतीजे और गंभीर हो सकते थे. बच्चा भाग सकता था, खो सकता था या किसी नुकसान का शिकार हो सकता था. जज ने महराह को दो साल का कम्युनिटी ऑर्डर दिया, जिसमें पुनर्वास शामिल है, और कुल 6,114 पाउंड का जुर्माना लगाया. महराह वर्तमान में नशे की लत के इलाज के लिए क्लिनिक में भर्ती हैं और अपनी लत से बाहर निकलने का प्रयास कर रही हैं.

Recent News