गाजा: इजरायली सेना ने हमास की सैन्य शाखा के नए कमांडर मोहम्मद ओदेह को सफलतापूर्वक निशाना बनाकर मार गिराया है. इजरायल का दावा है कि ओदेह 7 अक्टूबर 2023 के हमले का प्रमुख खुफिया और रणनीतिक मास्टरमाइंड था. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने संयुक्त बयान जारी कर इस ऑपरेशन की पुष्टि की. दोनों ने ओदेह को 7 अक्टूबर नरसंहार के प्रमुख साजिशकर्ताओं में से एक बताया.
हमास की मिलिट्री विंग की कमान संभालने के कुछ दिन बाद ही मौत
मोहम्मद ओदेह ने हाल ही में हमास की शक्तिशाली सैन्य शाखा इज्ज अद-दीन अल-कस्साम ब्रिगेड्स की कमान संभाली थी. इजरायली हमले में उनके पूर्ववर्ती कमांडर के मारे जाने के महज कुछ दिनों बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी. इजरायली खुफिया एजेंसियों के अनुसार, ओदेह लंबे समय से हमास के खुफिया तंत्र का प्रमुख था. 7 अक्टूबर के हमले की योजना बनाने, इजरायली सीमा की कमजोरियों की पहचान करने और हमलावरों को लक्ष्य की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने में उसकी अहम भूमिका मानी जा रही है.
रिमाल इलाके में सटीक हमला
इजरायली सेना ने गाजा शहर के रिमाल इलाके में एक सटीक हवाई हमला किया, जिसमें ओदेह को निशाना बनाया गया. इजरायली सूत्रों का कहना है कि ऑपरेशन सफल रहा. हालांकि हमास की तरफ से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मोहम्मद ओदेह हमास के उन गिने-चुने शीर्ष नेताओं में शामिल था, जो अभी भी सक्रिय थे और इजरायल के टारगेट लिस्ट में ऊपर थे. यह कार्रवाई गाजा में जारी संघर्ष के बीच इजरायल की उस नीति को जारी रखती है, जिसमें 7 अक्टूबर हमले से जुड़े हमास के प्रमुख चेहरों को एक-एक करके खत्म किया जा रहा है.