श्री देवी की बेटी जाह्नवी कपूर इन दिनों राजकुमार राव संग फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ के चलते सुर्खियों में बनी हुई है और अपने ड्रेसिंग को लेकर भी खूब चर्चाओं में रहती है. इस बीच उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान बताया कि वह इंडस्ट्री में किसे अपना फैशन आइकॉन मानती हैं.

साथ ही एक्ट्रेस ने इस सेशन में अपने फैशन सेंस के बारे में भी बात की. इस दौरान उन्होंने अमेरिकी एक्ट्रेस जेंडया और सोशल मीडिया सेंसेशन उर्फी जावेद के ड्रेसिंग सेंस की खूब सराहना की. उन्होंने कहा कि वह अमेरिकी एक्ट्रेस जेंडया को कॉपी करती है क्योंकि उससे मैं बहुत प्रेरित हूं.

जाह्नवी कपूर ने कहा कि जेंडया ही नहीं उर्फी जावेद भी अपने फैशन के साथ उतनी ही क्रिएटिव हैं, इसलिए मुझे उर्फी भी भाती है. एक्ट्रेस ने ड्रेसिंग और प्रमोशन आउटफिट्स के बारे में कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि जब आप किसी फिल्म का प्रचार कर रहे होते हैं तो एक कलाकार के रूप में हम सभी को अपने किरदार के अनुसार कपड़े पहनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है.

उन्होंने कहा कि मैंने वास्तव में ‘धड़क’ को छोड़कर कभी ऐसा नहीं किया है. फिल्म की थीम के अनुसार, कपड़े पहनते हुए मुझे एहसास हुआ कि एक कलाकार के रूप में हम कैसे दिखते हैं और हम कैसे कपड़े पहनते हैं, इस पर काफी ध्यान दिया जाता है.