लखनऊ: लखनऊ में एक गजब वारदात हुई है, जहां बुर्के वाली मोहतरमा ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचती हैं, खरीदने के लिए ज्वेलरी देखती हैं. अंत में बोलती है कि मुझे कुछ पसंद नहीं है और वहां से चली भी जाती हैं. लेकिन अपने बुर्के में छिपा ले जाती हैं 70 लाख का सोना... जिसकी खबर लगते ही इस बुर्के वाली चोर की चर्चा पूरे लखनऊ में हो जाती हैं. ये घटना सुनने में जितनी फिल्मी लग रही है, पुलिस और दुकानदार के लिए उससे भी ज्यादा चौंकाने वाली थी. दरअसल ये पूरा मामला लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र का है, जहां कॉष्णा रस्तोगी ज्वेलर्स की दुकान है.
रविवाद दोपहर करीब 12.30 बजे कृष्णा रस्तोगी ज्वेलर्स की दुकान पर ग्राहकों की भीड़ लगी हुई थी. इस दौरान एक महिला बुर्का पहन कर दुकान पर पहुंचती है, जो दुकान के कर्मचारी को रिंग दिखाने के लिए बोलती है. इस दौरान वो उस कर्मचारी को अपनी बातों में उलझा लेती है और मौका देख कर एक ज्वेलरी बॉक्स अपने बुर्के में चुरा कर रख लेती है. थोड़ी देर ज्वेलरी देखने के बाद बुर्काधारी महिला कहती है कि कोई सामान पसंद नहीं आया. इसके बाद वो दुकान से बाहर निकल जाती है. थोड़ी देर बाद जब दुकान में एक बॉक्स कम दिखा तो दुकानदार को लगा कि किसी ने चोरी की है और वो पुलिस को तुरंत जानकारी देता है. जो बॉक्स चोरी हुआ था उसमें 700 ग्राम सोने के जेवर थे, जिनकी कीमत करीब 70 लाख रुपये थी.
घटना को सुनने के बाद पुलिस भी हैरान थी कि दुकान के अंदर से बॉक्स कैसे गायब हो गया, लेकिन इस मामले में अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराय जाता है. लखनऊ पुलिस पूरी तरह जांच में जुट जाती है. एक के बाद एक हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश की जाती है. जिसके लिए पुलिस ने तुरंत सारे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया. इन्हीं सीसीटीवी की मदद से पुलिस को पता चलता है कि बुर्के वाली महिला चोर है. लेकिन अब पुलिस के सामने परेशानी ये थी कि बुर्का पहनी महिला को पहचाना कैसे जाए. लेकिन पुलिस ने भी हौसला नहीं हारा और लगातार हर चीज को फॉलो किया.
इसी कड़ी में 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जाता है. दूसरी तरफ सर्विलांस टीम की मदद भी ली जाती है. पुलिस इस केस का खुलासा करने में जी जान से जुटी हुई थी, लेकिन बुर्के वाली महिला अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर थी. लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी और आखिरकार चोर का पता चल ही जाता है.... पुलिस की जांच में पता चलता है कि चोरी करने वाली महिला गोरखपुर की रहने वाली है. जिसके बाद पुलिस गोरखपुर में छापा मारती है और मंगलवार की शाम को चोर को गिरफ्तार कर लिया जाता है.
इस महिला की गिरफ्तारी गोरखपुर के राजघाट क्षेत्र से होती है. जब पुलिस पूछताछ करती है तो महिला सारा लच उगल देती है, वो बताती है कि चोरी किए गए जेवर उसने लखनऊ में ही अपने एक रिश्तेदार के घर पर रखे हैं. जिसके बाद पुलिस लखनऊ के सराय आगामीर चौक स्थित महिला के रिश्तेदार के घर पहुंचती है और वहां से 629.6 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए गए, बरामद जेवरातों की कीमत करीब 70 लाख रुपये है.
घटना का खुलासा होने के बाद हर कोई हैरान था. लोगों का कहना था कि मासूम सी दिखने वाली बुर्का पहने महिला ऐसी चोरी कर सकती है उन्हें अंदाजा भी नहीं था. फिलहाल चोर को गिरफ्तार किया जा चुका है. चोरी का माल बरामद हो चुका है. यूपी पुलिस ने एक बार फिर अपनी इन्वेस्टिगेशन से जता दिया है कि यूं ही यूपी पुलिस की तारीफ नहीं होती है.