कैश बरामदगी मामले में झारखंड सरकार में मंत्री आलमगीर आलम के पर्सनल सेक्रेटरी संजीव लाल को ED ने गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही उनके हाउस हेल्प जहांगीर आलम को भी गिरफ्तार किया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों से रात भर पूछताछ हुई, जिसके बाद पहले हिरासत में लिया गया, फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
बता दें कि ED ने 6 मई दिन सोमवार को आलमगीर आलम के पर्सनल सेक्रेटरी संजीव लाल के हाउस हेल्प के घर पर छापेमारी कर करोड़ों की नगदी बरामद की ती. रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके घर से ED को करीब 35 करोड़ रुपये मिले. इस मामले में कुल 6 जगहों पर छापेमारी हुई.
जानकारी मिली है कि इस मामले में जल्द ही ED मंत्री आलमगीर आलम को भी समन करेगी. बताया गया कि मंत्री से जुड़ी जगहों से 32 करोड़ रुपये से अधिक की नगदी जब्त की गई. जबकि कुछ और जगहों पर की गई तलाशी में तीन करोड़ रुपये से अधिक की नगदी बरामद की गई है.
ज्ञात रहे कि मई 2023 में ईडी को शिकायत मिली थी कि चीफ इंजीनियर वीरेन्द्र राम ने 10 हजार की रिश्वत ली है. वीरेन्द्र राम ने पूछताछ में बताया कि मामला बड़ा है. रिश्वत की रकम सीधा मंत्रीजी तक पहुंचाई जाती है.