कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुरैना में प्रियंका गांधी की सभा से लौटने के बाद पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर दिए गए विवादित बयान को लेकर माफी मांगी है. जीतू पटवारी ने कहा कि उनकी मंशा सिर्फ सवाल को डालने की थी किसी को ठेस पहुंचाने की नहीं थी. इमरती देवी उनकी बड़ी बहन है और बड़ी बहन मां जैसी होती है. बता दें कि जीतू पटवारी ने एक दिन पहले बयान दिया था कि ‘’इमरती देवी का रस खत्म हो गया है’’. उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला था.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने बयान को लेकर कहा कि मैं पिछले दिनों ग्वालियर में था, वहां एक ऑडियो को लेकर मुझसे सवाल पूछा गया था. उस सवाल को टालने के लिहाज से मेरे द्वारा वक्तव्य दिया गया था, लेकिन मेरे बयान को तोड़ मरोड़कर गलत संदर्भ में पेश किया गया. इमरती देवी मेरी बड़ी बहन है और बड़ी बहन मां जैसी होती है.
मैं सिर्फ इतना कहना चाहूंगा कि मेरा संदर्भ सिर्फ सवाल को टालने का था और उसके अलावा कोई दूसरा इंटेंशन नहीं था. यदि मेरे बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं अपने बयान को लेकर खेद व्यक्त करता हूं और माफी मांगता हूं. बयान किसी भी प्रकार से किसी भी संदर्भ में मेरे मन में नकारात्मक भाव नहीं था ना किसी का मजाक उड़ाना था.
वहीं भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सवाल करते हुए कहा है कि क्या पटवारी सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को इसी नजर से देखते हैं, ऐसा क्यों है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महिलाओं को अपमानित करने के लिए ऐसे शब्द ढूंढ कर लाते हैं. उधर इस विवादित बयान के बाद इमरती देवी ने जीतू पटवारी के खिलाफ FIR दर्ज कराने की बात कही है.