नई दिल्ली: झारखंड के धनबाद जिले में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की पुरानी खदान से अचानक जहरीली गैस लीक होने से हड़कंप मच गया. इस हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि 15-20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से बीमार होकर अस्पताल में भर्ती हैं. बुधवार देर रात पहली मौत हुई जब केंदुआडीह बस्ती की प्रियंका देवी की सांसें अचानक रुक गईं.
गुरुवार तड़के दूसरी महिला ललिता देवी की भी मुंह से झाग निकलते हुए मौत हो गई. दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं. गैस का असर केंदुआडीह, राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला और ऑफिसर कॉलोनी समेत करीब 10 हजार की आबादी वाले इलाके में फैल गया. लोग सिर दर्द, उल्टी, सांस लेने में तकलीफ और चक्कर आने की शिकायत कर रहे हैं.
गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह धनबाद-रांची NH-2 को चार घंटे तक जाम कर दिया. सड़क पर टायर जलाए और BCCL प्रबंधन व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. उनका आरोप है कि कंपनी ने सालों से खदान के नीचे धधक रही आग और गैस रिसाव की चेतावनी को नजरअंदाज किया. स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ने बताया, “रात में अजीब सी बदबू आई. सुबह तक दो महिलाएं मर चुकी थीं. कई लोग अभी भी अस्पताल में ऑक्सीजन पर हैं.”
पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा, “BCCL ने इन इलाकों को वर्षों पहले असुरक्षित घोषित कर दिया था, लेकिन लोगों को सुरक्षित जगह नहीं दी. अब जान गई तब जाकर हरकत में आए हैं.” फिलहाल BCCL ने प्रभावित परिवारों को तुरंत बाहर निकालना शुरू कर दिया है. डिप्टी कमिश्नर और BCCL के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं.
गैस रिसाव के सटीक कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञ टीम बुलाई गई है. प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और घरों में नहीं रहने की अपील की है. आक्रोश इतना है कि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है – अगर 24 घंटे में स्थायी पुनर्वास और मुआवजे का ऐलान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन करेंगे.