'लॉरेंस बिश्नोई को मारो और ₹1,11,11,111 पाओ', करणी सेना ने फिर की नकद पेशकश...

Amanat Ansari 29 Oct 2024 12:26: PM 2 Mins
'लॉरेंस बिश्नोई को मारो और ₹1,11,11,111 पाओ', करणी सेना ने फिर की नकद पेशकश...

एक नाटकीय घटनाक्रम में क्षत्रिय करणी सेना (Kshatriya Karni Sena) के प्रमुख राज शेखावत (Raj Shekhawat) ने उन कैदियों के लिए भारी नकद इनाम की घोषणा की है जो वर्तमान में अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल (Sabarmati Central Jail) में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) को मार सकते हैं. यह नई घोषणा करणी सेना द्वारा लॉरेंस बिश्नोई को मुठभेड़ में मार गिराने के लिए पुलिस अधिकारियों को ₹1,11,11,111 इनाम देने के कुछ दिनों बाद की गई है. सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में करणी सेना के राज शेखावत ने अपने उद्देश्यों का बचाव किया और लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के लिए इनाम की बात दोहराई.

यह भी पढ़ेंः गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को मिटाने का मिला अल्टीमेटम, सलमान खान ही नहीं, इनसे भी है दुश्मनी

उन्होंने आगे बढ़कर जेल परिसर में लॉरेंस बिश्नोई को मारने वाले किसी भी कैदी को यही इनाम देने की पेशकश की. राज शेखावत ने हिंदी में बोलते हुए कहा कि मैंने जो 1,11,11,111 रुपये का इनाम घोषित किया है, वह लॉरेंस बिश्नोई का एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मी को दिया जाएगा. साथ ही, अगर साबरमती जेल में बंद कोई कैदी या योद्धा लॉरेंस बिश्नोई की हत्या करता है, तो उसे क्षत्रिय करणी सेना की ओर से यही इनाम दिया जाएगा. बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई वर्तमान में गुजरात की साबरमती जेल में सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले में बंद है.

अप्रैल में मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) के आवास के बाहर गोलीबारी के मामले में भी उसका नाम आया था, लेकिन मुंबई पुलिस उसे हिरासत में नहीं ले सकी थी. सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए एक वीडियो में क्षत्रिय करणी सेना प्रमुख ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई हमारे अनमोल रत्न और विरासत अमर शहीद सुखदेव सिंह गोगामेड़ी (Sukhdev Singh Gogamedi) जी का हत्यारा भी है.

गौरतलब हो कि करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की 5 दिसंबर, 2023 को जयपुर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. उनकी हत्या के कुछ घंटों बाद लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने उनकी हत्या की जिम्मेदारी ली. बिश्नोई का मजबूत आपराधिक गिरोह पूरे देश में सक्रिय है. बिश्नोई के गिरोह ने एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी (Baba Siddiqui Murder Case) की हत्या और इस साल की शुरुआत में सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की घटना की जिम्मेदारी ली थी.

बिश्नोई ने हाल ही में मुंबई में बाबा सिद्दीकी की हत्या में अपनी कथित संलिप्तता के साथ-साथ अभिनेता सलमान खान के खिलाफ अपनी संदिग्ध धमकियों के कारण काफी ध्यान आकर्षित किया है. लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने कथित तौर पर बाबा सिद्दीकी की हत्या उनके डॉन दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) से संबंधों और सलमान खान के साथ उनके करीबी व्यक्तिगत संबंधों के कारण की थी. बॉलीवुड अभिनेता और उनके परिवार ने पिछले कुछ वर्षों में गैंगस्टर से कई बार मौत की धमकियां मिल चुकी हैं, सिद्दीकी की हत्या के बाद सलमान खान की सुरक्षा हाई अलर्ट पर है.

Lawrence Bishnoi Karni Sena Raj Shekhawat Lawrence Bishnoi Encounter Reward

Recent News