उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2024 का शनिवार 31 अगस्त आखिरी दिन रहा. अब इस परीक्षा से जुड़ा एक हैरान करने वाला आंकड़ा सामने आया है. दरअसल इस परीक्षा के लिए लाखों उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, लेकिन बड़ी संख्या में उम्मीदवार परीक्षा में उपस्थित नहीं हो पाए. 30 अगस्त 2024 को आयोजित यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के नतीजे उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) द्वारा जारी कर दिए गए हैं.
इस दिन के लिए कुल 9,63,613 उम्मीदवारों को परीक्षा में बैठने के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था. लेकिन, इनमें से 2 लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल ही नहीं हो पाए. इसके अलावा, परीक्षा के दौरान कई संदिग्ध उम्मीदवारों की भी पहचान की गई. पहली शिफ्ट के लिए, 4,81,838 उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन केवल 4,01,870 उम्मीदवारों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड किए.
इनमें से 3,44,590 उम्मीदवार ही परीक्षा में उपस्थित हो पाए, जो कि कुल संख्या का केवल 71.51% है. परीक्षा के दौरान 61 संदिग्ध उम्मीदवारों की पहचान की गई. तो वहीं दूसरी शिफ्ट के लिए, 4,81,775 उम्मीदवारों को परीक्षा में बैठने के लिए बुलाया गया था. इनमें से 4,01,972 उम्मीदवारों ने एडमिट कार्ड डाउनलोड किया. लेकिन केवल 3,47,346 उम्मीदवार ही परीक्षा में उपस्थित हो पाए, जो कुल संख्या का 72.09% है.
इस शिफ्ट में भी 33 संदिग्ध उम्मीदवारों को पकड़ा गया. इस परीक्षा के दौरान अनुपस्थित उम्मीदवारों की बड़ी संख्या और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान ने इस भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड इस स्थिति को कैसे संभालता है और आगे की कार्रवाई क्या होती है.