नई दिल्ली: बिहार के बेतिया से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पूरी वारदात धनहा थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है. पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि कुछ दिन पहले उसके पिता और चाचा में जमीनी विवाद हो गया था, जिसे सुलझाने के लिए वह अपनी मां के साथ एक स्थानीय नेता के पास गई थी. उन्होंने दूसरे दिन अवेदन लेकर आने की बात कह कर घर भेज दिया.
दूसरे दिन वह अकेली नेता के घर गई, तो उसे पानी पीने के लिए दिया, जिसे पीकर वह बेहोश हो गई. पीड़िता ने आरोप लगाया कि बेहोशी की हालत में आरोपी नेता ने उसके साथ रेप किया और उसका वीडियो बना लिया. उसके बाद उसी वीडियो को दिखाकर वह बार-बार उसके साथ दुष्कर्म करने लगा. इस दौरान वह गर्भवती हो गई तो उसका गर्भपात करा दिया. इसके बाद उसने परिजनों को जानकारी दी तो परिवारवालों ने लोकलाज के चलते पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई और उसकी शादी कहीं और करा दी, जहां उसे एक बच्चा भी हुआ.
इसी बीच आरोपी नेता ने उसका वीडियो उसके पति को दिखा दिया, जिसके बाद पति ने उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह मायके में रह रही थी. इसी बीच उसके बच्चे की तबीयत खराब हो गई. जब वह बच्चे को लेकर अस्पताल जा रही थी तो आरोपी नेता ने उसे फोनकर बुलाया, लेकिन वह पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो उसने फोन कट कर दिया और एक दर्जन समर्थकों को लेकर उसके घर आ धमका और परिजनों के साथ मारपीट की. आजीज होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है.
आरोपी नेता का नाम वीरेंद्र मद्देशिया बताया जा रहा है. मामले को लेकर बगहा के एसडीपीओ कुमार देवेंद्र ने कहा है कि महिला थाने में पीड़ित की रिपोर्ट पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. वहीं नामजद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया है. आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है. आरोपी को जल्द ही पुलिस गिरफ्तार कर लेगी और पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा. उधर पीड़ित परिवार सदमे में हैं कि कहीं फिर से आरोपी उसके घर पर अपने समर्थकों के साथ ना पहुंच जाए.