Maharashtra TET Paper Leak : महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले के मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता को भिवंडी पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद उसे पुणे एयरपोर्ट लाया गया, जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच आगे की पूछताछ के लिए भिवंडी ले जाया जा रहा है.
जांच एजेंसियों के अनुसार, बिजेंद्र गुप्ता लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश कई राज्यों में की जा रही थी. उसकी गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान परीक्षा में धांधली, अभ्यर्थियों से वसूली गई रकम और पूरे गिरोह के संचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.
इससे पहले ठाणे पुलिस ने बिहार STF की मदद से बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता को पटना के अगमकुआं (गांधी नगर) स्थित किराए के फ्लैट से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद सुमन को ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र लाया गया, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है, जो विभिन्न राज्यों में परीक्षा से जुड़े फर्जीवाड़े और पेपर लीक की साजिश में सक्रिय था. अब तक इस मामले में बिजेंद्र गुप्ता समेत कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, इससे पहले 27 जून को ठाणे के भिवंडी से पटना निवासी राजीव शाह, आकाश कुमार और हरियाणा के धीरज सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था.
फिलहाल भिवंडी पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से इस बहुचर्चित पेपर लीक कांड में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं.