शामली: हरियाणवी सिंगर अंकित बलियान की हत्या के मामले में सोशल मीडिया पर झूठी जिम्मेदारी लेने वाले एक शख्स को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी का असली हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं है. उसने महज लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए यह फर्जी दावा किया था. एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता में जानकारी दी. गत 26 अगस्त को शामली के नालापटरी स्थित एक फिटनेस जिम के बाहर चार अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर अंकित बलियान की हत्या कर दी थी.
हत्या के तुरंत बाद इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से फैला, जिसमें एक व्यक्ति इस हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल कर रहा था. वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. उच्चाधिकारियों ने साइबर सेल को गहन जांच के निर्देश दिए. तकनीकी जांच में पता चला कि यह भ्रामक वीडियो भूपेंद्र ढींगरा के इंटरनेट मीडिया अकाउंट से प्रसारित किया गया था. भूपेंद्र ढींगरा (पुत्र मोहन लाल ढींगरा) मूल रूप से गुरुग्राम की कृष्णा कॉलोनी का रहने वाला है और वर्तमान में बेंगलुरु में रह रहा था.
पुख्ता सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम ने बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में भूपेंद्र ने स्वीकार किया कि वह इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय इंफ्लुएंसर है और वीडियो गानों में गायकी व अभिनय करता है. उसे पता था कि गंभीर आपराधिक घटनाओं से जुड़ी पोस्ट जल्दी वायरल होती हैं.
सस्ती लोकप्रियता, सब्सक्राइबर और लाइक्स बढ़ाने की लालसा में उसने नशे की हालत में यह झूठी जिम्मेदारी वाली वीडियो बनाकर अपलोड कर दी. पुलिस ने साफ किया कि आरोपी का वास्तविक हत्याकांड या किसी शूटर से कोई संबंध नहीं है. साइबर क्राइम थाना ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की है.