कानपुर: महाराजपुर क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. 30 वर्षीय शादीशुदा महिला को 25 वर्षीय युवती से प्रेम हो गया. दोनों एक साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्त बनीं, बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे रिश्ता गहरा हो गया. आखिरकार दोनों एक साथ रहने का फैसला लेकर 11 दिन पहले अपने-अपने घरों से फरार हो गईं.
महिला ससुराल से मायके पहुंचीं और वहां से गायब हो गईं. घरवालों ने महाराजपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस जांच में पता चला कि दोनों पनकी में किराए के कमरे में रह रही हैं. बुधवार को पुलिस ने उन्हें वहां से बरामद कर लिया. दोनों ने पुलिस को बताया कि वे एक-दूसरे के साथ जीना और मरना चाहती हैं. घर लौटने को वे तैयार नहीं हैं. पुलिस के अनुसार दोनों बालिग हैं और उनके बीच समलैंगिक संबंध है.
थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने पुष्टि की कि यह समलैंगिक प्रेम का मामला है. महिला के तीन बच्चे हैं. दोनों हिंदू हैं और महाराजपुर की ही रहने वाली हैं. पुलिस ने दोनों को थाने लाया है, लेकिन चूंकि वे वयस्क हैं इसलिए आगे की कार्रवाई उनके बयान के आधार पर तय होगी.