उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में पिछले 48 घंटों से आसमान साफ़ रहा, जिस कारण तेज धूप और हवा में नमी की वजह से उमस भरी गर्मी बढ़ गई. हालांकि पिछले 48 घंटों और अगले 48 घंटों का हाल बिलकुल अलग अलग रहने का अनुमान है. उत्तरप्रदेश के कई जगहों के लिए मौसम विभाग ने अब अगले 48 घंटों के लिए 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है.
दरअसल पिछले 48 घंटों में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. हालांकि अब, उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय होने जा रहा है, मौसम विभाग की माने तो यूपी के कई जिलों में मानसून विकराल रूप भी ले सकता है. जिन जिलों को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है उनमे रामपुर, बरेली, पीलीभीत, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, अम्बेडकर नगर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, झांसी और ललितपुर शामिल है. इन जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गयी है. इसके अलावा, राज्य के अन्य कई जिलों में भी हल्की बारिश की भविष्यवाणी मौसम विभाग द्वारा की गई है.
मौसम एक्सपर्ट डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि रविवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना है. रविवार 1 सितंबर समेत अगले 48 घंटों में और भी बारिश होने की उम्मीद है. अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर प्रदेश में बारिश जारी रहेगी. हालांकि, तापमान में कोई ख़ास बदलाव नहीं होगा. यानी मौसम विभाग ने साफ साफ चेतावनी जारी की है कि भारी बारिश हो सकती है लेकिन राज्य के कई जिलों में लोगों को गर्मी का सामना करना ही पड़ेगा.
31 अगस्त तक हुई बारिश का विश्लेषण करने पर पता चला कि उत्तर प्रदेश में इस दौरान 525 मिमी बारिश हुई, जो कि अनुमानित 593 मिमी से 11% कम थी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 488 मिमी बारिश हुई, जो कि सामान्य से 547 मिमी से 11% कम है.
राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां के निवासियों को हाल फिलहाल में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा है. शनिवार 31 अगस्त सुबह से ही आसमान साफ था और तेज धूप चमक रही थी. दोपहर 2 बजे अचानक मौसम में बदलाव आया और आसमान में काले बादल छा गए. इसके बाद करीब आधे घंटे तक खूब तेज बारिश हुई. 30 मिनट की बारिश के बाद आसमान फिर साफ हुआ और धूप फिर से तेज हो गई, लेकिन बारिश होने की वजह से राजधानीवासियों को गर्मी से जरूर राहत मिली. लखनऊ में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था. वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.