नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि दो युवकों ने किशोरी को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसका शारीरिक शोषण किया और इस घिनौने कृत्य का वीडियो बनाया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह घटना बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र की है. पीड़िता के परिवार के अनुसार, 8 अगस्त को किशोरी कूड़ा फेंकने के लिए घर से निकली थी. लौटते समय गांव के ही दो युवकों ने उसे रोक लिया और कोल्ड ड्रिंक ऑफर की, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था. नशे की हालत में किशोरी को बाइक पर बैठाकर गांव से बाहर ले जाया गया, जहां एक युवक ने उसका यौन शोषण किया, जबकि दूसरे ने इस अपराध का वीडियो रिकॉर्ड किया.
किशोरी ने होश में आने के बाद अपने परिवार को इस दर्दनाक घटना के बारे में बताया. परिवार ने तुरंत सिंघावली अहीर थाने में शिकायत दर्ज की. शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने वीडियो का इस्तेमाल कर किशोरी को कई दिनों तक ब्लैकमेल किया और उसका बार-बार शोषण किया. दो दिन पहले, आरोपियों ने इस अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पीड़िता और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा. वीडियो वायरल होने के बाद किशोरी सदमे में है और घर से बाहर नहीं निकल रही.
सिंघावली अहीर पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने बताया कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: रामपुर में युवती का वीडियो वायरल, मस्जिद में मौलाना करता था रेप, ड्रग्स और हथियार की भी होती थी तस्करी
यह भी पढ़ें: 17 साल के लड़के को होटल में नशा देकर यौन शोषण करती थी महिला, पॉक्सो कोर्ट ने सुनाई 20 साल की सजा
यह भी पढ़ें: पेशाब कर बर्तनों पर छिड़कती थी नौकरानी, शक हुआ तो लगाया CCTV, Video देख लोग हैरान