गरबा रिहर्सल कर रही युवती को कट्टा दिखाकर उठा ले गए बदमाश, बाद में पता चला पति ने ही करवाया था अगवा, लेकिन क्यों?

Amanat Ansari 21 Sep 2025 07:45: PM 1 Mins
गरबा रिहर्सल कर रही युवती को कट्टा दिखाकर उठा ले गए बदमाश, बाद में पता चला पति ने ही करवाया था अगवा, लेकिन क्यों?

मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में शनिवार रात गरबा की तैयारी के बीच एक महिला का सनसनीखेज अपहरण सामने आया. खानपुरा स्थित भावसार धर्मशाला में महिलाएं और लड़कियां नृत्य अभ्यास कर रही थीं, तभी छह लोगों का समूह घुस आया और एक युवती को जबरन घसीटते हुए ले जाने लगा. विरोध करने पर एक लड़की को धक्का मार गिराया गया और उसके साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की.

डर के मारे बाकी लोग इधर-उधर भाग निकले. घटना रात करीब दस बजे की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर दी. शामगढ़ थाना क्षेत्र के चंदवासा के पास संदिग्ध वाहन को घेर लिया गया. चेकिंग में महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जबकि छह हमलावरों को पकड़ लिया गया.

पूछताछ में चौंकाने वाला राज खुला. यह अपहरण प्रेम प्रसंग से जुड़ा था. पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला ने पहले ही अपने पति को छोड़ दिया था. वह प्रेमी यश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. महिला ने खुलासा किया कि पति की शराब की लत और लगातार मारपीट से तंग आकर उसने यह कदम उठाया. हालांकि, परिवार वाले इसके खिलाफ थे. जांच में पता चला कि पति ने ही इस साजिश को अंजाम दिया.

हमलावरों में चार युवक और दो महिलाएं शामिल थीं, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया. उनके कब्जे से एक पिस्टल भी बरामद हुई है. पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. यह घटना न केवल महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाती है, बल्कि पारिवारिक विवादों के खतरनाक रूप को भी उजागर करती है. आगे की कार्रवाई जारी है.

mandsaur news woman kidnapping woman kidnap garba garba woman kidnapped

Recent News