गोड्डा: अदाणी पावर प्लांट परिसर में केन्द्र सरकार और जिला-प्रशासन के निर्देशानुसार बुधवार को मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. मॉक ड्रिल बुधवार शाम 4 बजे से शुरू होकर 4:25 तक चला. इस अभ्यास में अदाणी पावर के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया. मॉक ड्रिल को तीन चरणों में संपन्न किया गया, जिसका उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में त्वरित और सुरक्षित प्रतिक्रिया देना था.
पहले चरण में सायरन बजाकर कर्मचारियों को सतर्क किया गया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. दूसरे चरण में आग लगने की काल्पनिक घटना के जरिए आग पर काबू पाने का प्रदर्शन किया गया. इसके साथ ही धमाकों में घायल हुए कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के लिए चिकित्सा केन्द्र तक पहुंचाया गया और आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने का अभ्यास किया गया.
तीसरे और अंतिम चरण में गंभीर रूप से घायल लोगों को एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. इस दौरान सुरक्षा और राहत कार्यों का सजीव प्रदर्शन किया गया. मॉक ड्रिल के दौरान सिक्योरिटी हेड सुब्रत देवनाथ और सेफ्टी हेड रणधीर कुमार ने कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
अदाणी पावर के स्टेशन हेड प्रसून चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में बताया कि इस प्रकार की ड्रिल न केवल कर्मचारियों को सतर्क करती है, बल्कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करती है. इस कार्यक्रम में स्थानीय मोतिया ओपी के प्रभारी महावीर पंडित और उनकी टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे.