Accident News: छिंदवाड़ा जिले में एक दुखद सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. गुरुवार शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हितग्राही सम्मेलन से लौट रही एक बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं.
दुर्घटना मोहखेड़ थाना क्षेत्र के सेमरिया हनुमान मंदिर के पास उमरानाला इलाके में शाम करीब 6:30 बजे हुई. बस और ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई. बस के अंदर सवार कई यात्री धातु के मलबे में फंस गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा काफी भयावह था. एक यात्री का हाथ पूरी तरह कट गया, जबकि कई अन्य लोगों के सिर पर गहरी चोटें आईं.
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया. 20 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं. घायलों को निकालने के लिए क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद ली गई. दुर्घटना के कारण सड़क पर चार-पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में साफ किया गया.
बस में कुल 41 यात्री सवार थे, जो सभी सम्मेलन से वापस लौट रहे थे. मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है. सभी घायलों को छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया है.
छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. यह दुर्घटना उन लोगों के लिए बड़ी त्रासदी बन गई, जो मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होकर खुशी-खुशी घर लौट रहे थे.