नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में सूखे और गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है. मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद बंगाल की खाड़ी में नया वेदर सिस्टम बन गया है, जो अगले कुछ दिनों में देशभर में बारिश की वापसी कराएगा. पेसिफिक महासागर से निकलकर यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी पहुंच चुका है. इससे मजबूत ऊपर की हवाएं उठ रही हैं और घने बादल छा गए हैं.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जो पूर्वी भारत (ओडिशा, पश्चिम बंगाल) में पहले भारी बारिश लाएगा और फिर मध्य एवं उत्तरी भारत तक अपना असर दिखाएगा. जुलाई की शुरुआत में अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन मध्य जुलाई में मानसून ब्रेक के कारण कई राज्यों में बारिश घटी और तापमान बढ़ गया. देश के कुछ हिस्सों में बारिश की कमी बनी हुई है, जिसका असर खरीफ फसलों की बुवाई पर भी पड़ रहा है.
नया सिस्टम इस कमी को पूरा करने और तापमान कम करने में मददगार साबित होगा. सैटेलाइट इमेज में बंगाल की खाड़ी के ऊपर घने बादल साफ नजर आ रहे हैं, जो मानसून की नई सक्रियता का संकेत दे रहे हैं. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में पूर्वी भारत में बारिश बढ़ेगी और इसके बाद व्यापक स्तर पर मानसून की गतिविधियां तेज होंगी. किसान और आम लोग अब उम्मीद जगा रहे हैं कि इस बार मानसून पूरे जोर से लौटेगा.