मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक मां ने बेटे की असमय मृत्यु के महज कुछ हफ्तों बाद अपनी विधवा बहू की शादी करवाकर मिसाल पेश की है. सास सुनीता ने बहू मीनाक्षी की सहमति से उनकी शादी राजस्थान के नारायणपुर निवासी चाट विक्रेता योगेश से रचवाई. बुधवार को आर्य समाज मंदिर में शादी संपन्न हुई. सभी रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ. मीनाक्षी मूल रूप से हरिद्वार की रहने वाली हैं.
करीब 10 साल पहले उनकी शादी रोहित से हुई थी. दोनों की दो बेटियां हैं, सात वर्षीय रितु और डेढ़ वर्षीय अविका. अगस्त में परिवार पर दोहरी आफत आई. 14 अगस्त को रोहित के पिता (जो राजमिस्त्री थे और कैंसर से जूझ रहे थे) का निधन हो गया. अगले ही दिन 15 अगस्त को रोहित की भी मृत्यु हो गई.
मीनाक्षी अचानक दो छोटी बेटियों के साथ विधवा हो गईं. इस दुखद घटना के बाद सास सुनीता ने बहू के भविष्य के बारे में सोचा. उन्होंने मीनाक्षी से बात की और उनकी सहमति लेकर शादी का इंतजाम किया. शादी में देवर मोहित ने भाई का रोल निभाया और कन्यादान की रस्म पूरी की.
शादी के बाद सुनीता और मोहित ने वादा किया कि मीनाक्षी नए घर में जाने के बावजूद उनके रिश्ते बने रहेंगे. मीनाक्षी भी नए जीवन की शुरुआत से खुश नजर आईं. यह घटना संवेदनशीलता और परिवार के सहयोग का सुंदर उदाहरण बन गई है, जहां एक सास ने अपनी बहू को नया जीवन देने का फैसला किया.