रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) की मौजूदा चैंपियन मुंबई (Mumbai) को जल्द ही इरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया (Rest of India) के खिलाफ मैच खेलना है. इस महत्वपूर्ण मैच में मुंबई की कप्तानी अनुभवी खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) करेंगे. वहीं, खबरों के मुताबिक इस टीम में श्रीयस अय्यर (Shreyas Iyer), शम्स मुलानी (Shams Mulani), तनुश कोटियन (Tanush Kotian) और मुशीर खान (Musheer Khan) को भी टीम में शामिल किया जा सकता है. हालांकि, सरफराज खान (Sarfaraz Khan), जो कि टीम इंडिया (Team India) के बांग्लादेश (Bangladesh) के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए चुने गए हैं, उनकी भागीदारी अभी साफ नहीं है.
भारत और बांग्लादेश (India vs Bangladesh) के बीच दूसरा टेस्ट मैच 27 सितंबर से कानपुर में शुरू होने वाला है. अगर सरफराज खान उस मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं होते हैं, तो उन्हें मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) से इरानी कप में मुंबई का प्रतिनिधित्व करने के लिए बुलावा मिल सकता है. मुंबई की टीम का आधिकारिक ऐलान 25 सितंबर को किया जाएगा. मुशीर खान की बात करें तो वे पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में मुंबई के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी किये थे. अगर सरफराज भी टीम में शामिल होते हैं, तो खान भाइयों पर मुंबई को रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ जीत दिलाने की ज़िम्मेदारी होगी.
बीसीसीआई (BCCI) के एक सूत्र ने PTI को बताया कि सरफराज खान टीम के इकलौते स्पेशलिस्ट बल्लेबाज हैं. अक्षर पटेल (Axar Patel) ऑलराउंडर की भूमिका निभा रहे हैं और ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel) विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल हैं. लेकिन अगर किसी खिलाड़ी को अचानक चोट लग जाती है, तो ऐसी स्थिति में क्या होगा? इरानी कप 1 अक्टूबर से शुरू हो रहा है, और अगर कानपुर का मैच जल्दी समाप्त हो जाता है, तो 30 सितंबर को कानपुर से लखनऊ की यात्रा करना बहुत कठिन नहीं होगा.
गौरतलब है मुंबई के ऑलराउंडर शिवम दुबे (Shivam Dube) और भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) इरानी कप में हिस्सा नहीं लेंगे. वे 3 अक्टूबर को ग्वालियर के लिए रवाना होंगे, जबकि भारत और बांग्लादेश के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज 6 अक्टूबर से शुरू होगी.
मुंबई और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच होने वाला इरानी कप मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास होने वाला है. यह देखना दिलचस्प होगा कि अजिंक्य रहाणे की अगुवाई में मुंबई इस मुकाबले में कैसा प्रदर्शन करती है और क्या सरफराज खान इरानी कप में हिस्सा लेंगे या नहीं.