गुवाहाटी: असम में NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन ने राजनीतिक रंग ले लिया है. राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री केशब महंता की बेटी दिबिसा महंता भी प्रदर्शन में शामिल हो गईं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिबिसा को प्रदर्शनकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री (तत्कालीन) धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारे लगाते हुए दिखाया गया है. इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई.
CM हिमंत बिस्वा सरमा का बयान
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी पिता को उसकी वयस्क बेटी के राजनीतिक फैसलों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए. सरमा ने कहा, ''यह जरूरी नहीं कि हर बेटा-बेटी अपने माता-पिता की राजनीतिक विचारधारा का पालन करे.''
उन्होंने यह भी साफ किया कि वह दिबिसा द्वारा लगाए गए नारों से सहमत नहीं हैं. CM ने कहा कि जब भी उनकी दिबिसा से मुलाकात होगी, वह उनसे इस मुद्दे पर बात करेंगे. मंत्री केशब महंता की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. यह घटना NEET पेपर लीक विवाद के बीच असम में छात्र आंदोलन को नया मोड़ दे रही है.