जंतर-मंतर प्रदर्शन पर नई शिकायत! अभिजीत दीपके और साथियों की भूमिका की जांच की मांग, इंदौर में शिकायत

Amanat Ansari 13 Aug 2026 02:09: PM 1 Mins
जंतर-मंतर प्रदर्शन पर नई शिकायत! अभिजीत दीपके और साथियों की भूमिका की जांच की मांग, इंदौर में शिकायत

इंदौर: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर एक नई शिकायत सामने आई है. मुंबई निवासी और स्वयं को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताने वाले फैजान अंसारी ने इंदौर पुलिस की अपराध निरोधक शाखा में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और अन्य साथियों की भूमिका की जांच की मांग की गई है.

अंसारी का आरोप है कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में नाबालिग लड़के-लड़कियों को कथित तौर पर बरगलाकर जमा किया गया था. उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि यदि जांच में पॉक्सो अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम या किशोर न्याय अधिनियम के तहत कोई संज्ञेय अपराध सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए.

साथ ही प्रदर्शन के फोटो-वीडियो, मीडिया इंटरव्यू, सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया सामग्री और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने की भी मांग की गई है. इंदौर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि शिकायत मिली है और इसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. जांच में मिले तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.  

याद रहे, CJP ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर लंबा प्रदर्शन किया था. 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च की कोशिश की थी, जिसमें पुलिस के साथ झड़पें भी हुई थीं. इस शिकायत के बाद पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है. अगर इंदौर पुलिस आगे बढ़ती है तो दिल्ली पुलिस की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है.

Jantar Mantar Cockroach Janata Party CJP Faizan Ansari

Recent News