दिल्ली-एनसीआर। नोएडा के सेक्टर-95 स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन सहित अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और धमकी देने के मामले में नोएडा पुलिस ने आरोपी AAP विधायक अमानतुल्लाह खान और उनके बेटे अनस की तलाश जोर शोर से कर रही है.
बता दें कि शनिवार को फेज वन थाने की पुलिस दोनों की तलाश में बाटला हाउस स्थित उनके आवास पर पहुंची थी, लेकिन वहां दोनों नहीं मिले थे. घर का दरवाजा बंद मिला तो पुलिस ने आवास के बाहर ही नोटिस चस्पा कर दिया था.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी विधायक लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में ही जनसभा कर रहा है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर चल रहा है.
बता दें कि दिल्ली की ओखला सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान और उनके पुत्र सहित अन्य लोगों के खिलाफ सात मई को कोतवाली फेज-वन में मुकदमा दर्ज हुआ था.
नोएडा में की थी मारपीट
ज्ञात रहे कि सेक्टर-95 स्थित शहीद रामेंद्र प्रताप सिंह के फिलिंग स्टेशन पर मंगलवार सुबह विधायक का बेटा अनस अपनी कार लेकर पहुंचा था. उसने लाइन में न लगकर पहली उसकी गाड़ी में पेट्रोल भरने को कहा. इसपर सेल्समैन ने मना कर दिया तो उसकी कार में बैठे अन्य लड़कों ने मारपीट शुरू कर दी.
अमानतुल्लाह ने दी थी धमकी
इसके बाद AAP MLA अमानतुल्लाह खान खुद वहां पहुंचे और मैनेजर को धमकाया. विधायक के पुत्र के मारपीट करने और विधायक के धमकी देने का वीडियो, उसी दिन दोपहर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था.