नई दिल्ली: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने भारत के कुछ प्रमुख मुस्लिम व्यक्तियों से मुलाकात की और मजबूत, एकजुट भारत बनाने विचार किया. उद्योगपति, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता, एक डॉक्टर और एक पत्रकार सहित 14 सदस्यों का एक समूह नई प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) इमारत में डोभाल से मिला. डोभाल ने लगभग 1.5 घंटे तक मेहमानों की बातें बड़े धैर्य से सुनीं और फिर अपनी दृष्टि तथा दिशा-निर्देश साझा किए.
व्यवसायी और शिक्षाविद् जफर सरेस्वाला, जिन्होंने NSA से मिलने वाले दल का नेतृत्व किया. उन्होंने बताया कि डोभाल ने हममें से हर एक की बात बड़े धैर्य से सुनी. उन्होंने कहा कि डोभाल ने देश में धर्मों के बीच एकता पर जोर दिया. डोभाल ने बैठक में कहा किी भारत एक जहाज है, हम सब साथ में नाव चलाएंगे या साथ में डूबेंगे.
सरेस्वाला ने कहा कि सरकार ने हमें आमंत्रित किया, यह एक सकारात्मक संकेत है. बैठक में हमने समान अवसरों की मांग की. हमने कहा कि न तो मुसलमानों के साथ भेदभाव होना चाहिए और न ही उन्हें कोई विशेष छूट मिलनी चाहिए. उन्होंने आगे कहा कहा कि यह किसी खास चीज की शुरुआत है. हम भविष्य में भी इसे जारी रखेंगे.
जफर के अलावा ये रहे शामिल
अंजुमन-ए-इस्लाम के अध्यक्ष जाहिर काजी ने Times of India के मोहम्मद वजीहुद्दीन को बताया कि यह बैठक एक सकारात्मक संदेश देती है कि सरकार में कुछ लोग अल्पसंख्यकों की बात सुनने को तैयार हैं. नियमित संवाद गलतफहमियों को दूर करने में मदद करते हैं और पुल बनाने में सहायक होते हैं.
वेटरन पत्रकार का बयान चर्चा में
वेटरन पत्रकार शीला भट्ट ने शुक्रवार को X पर लिखा, ''अजीत डोभाल, असली धुरंधर, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, बेहद व्यावहारिक और जमीन से जुड़े इंसान हैं. 18 अप्रैल को उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय की नई इमारत में भारतीय मुस्लिम समुदाय के 14 सम्मानित उपलब्धि हासिल करने वाले नेताओं को आमंत्रित किया.'' “सभी मुस्लिम नेताओं का चयन बहुत सोच-समझकर और उद्देश्यपूर्ण तरीके से किया गया था. ये भारतीय तथाकथित वोट-बैंक राजनीति का हिस्सा बनने से इनकार कर रहे हैं, जिसमें वोट सिर्फ किसी एक पार्टी को हराने या जिताने का औजार बन जाता है.''
ज़फर सरेस्वाला ने X पर डोभाल का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, ''आपका कीमती समय देने, हमारी बातें धैर्यपूर्वक सुनने और राष्ट्रीय विकास के लिए भविष्योन्मुखी दिशा-निर्देश देने के लिए धन्यवाद. यह एक शानदार इंटरैक्शन था और यही आगे का रास्ता है.'' समूह ने डोभाल के समक्ष शिक्षा और रोजगार के अवसरों सहित अपनी चिंताओं और सुझावों को साझा किया.
स्वतंत्र पत्रकार समीना शेख ने बैठक के बाद X पर लिखा, ''मैं एक स्वतंत्र पत्रकार के रूप में, मीडिया जगत से जुड़ी मुस्लिम लड़की के रूप में यह बताना जरूरी समझती थी कि समुदाय हमारी शिक्षा और महत्वाकांक्षा का समर्थन करता है.'' उन्होंने कहा कि जब सोशल मीडिया पर मुद्दे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए जाते हैं और मुसलमानों को निशाना बनाया जाता है, तो हमें चिंता होती है. इसे कैसे साफ-सुथरा रखा जाए, यह भी चर्चा का विषय था.
शेख ने कहा कि डोभाल ने न केवल हमारी हर बात बारीकी से सुनी, बल्कि चिंताओं के समाधान भी सुझाए. जुलाई 2023 में अजीत डोभाल ने कहा था कि भारत में सदियों से धर्म आपसी सद्भाव से साथ रहते आए हैं. उन्होंने कहा था कि भारत में इस्लाम एक अनोखी और महत्वपूर्ण जगह रखता है. दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मुस्लिम आबादी वाले देश के रूप में भारत में इस्लाम गर्व की जगह रखता है. NSA अजीत डोभाल की हालिया मुलाकात की बैठक के प्रतिभागियों ने सराहना की है.