नवीन पटनायक की सेहत पर PM मोदी ने उठाए सवाल, नवीन पटनायक ने दिया ये जवाब...

Global Bharat 29 May 2024 09:18: PM 1 Mins
नवीन पटनायक की सेहत पर PM मोदी ने उठाए सवाल, नवीन पटनायक ने दिया ये जवाब...

ओडिशा के मयूरभंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की सेहत पर चिंता जताते हुए कई सवाल खड़े किए. उन्होंने पूछा कि आखिर एक साल में उनकी तबीयत इतनी कैसे खराब हो गई? नवीन बाबू की तबीयत खराब होने के पीछे कोई षड्यंत्र है क्या?

इस पर जवाब देते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि अगर उनको मेरी तबीयत की इतनी ही फिक्र है और खुद को मुझे अपना अच्छा दोस्त बताते हैं तो उनको एक कॉल कर के मुझसे मेरी तबीयत के बारे में पूछ लेना चाहिए.

दरअसल नवीन पटनायक ने कहा कि उनकी सेहत ठीक है और वह लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनाव के लिए गत एक महीने से प्रचार कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले सार्वजनिक रूप से कहा कि मैं उनका अच्छा मित्र हूं.

उन्हें मात्र मुझे फोन करके मेरी सेहत की जानकारी लेनी थी लेकिन ओडिशा और दिल्ली में बीजेपी के कुछ लोग मेरी सेहत को लेकर अफवाह फैला रहे हैं. उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मेरी सेहत ठीक है और मैं राज्य में विगत एक महीने से चुनाव प्रचार कर रहा हूं.

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक के बाद एक ओडिशा में आयोजित तीन चुनावी रैलियों में दावा किया था कि ओडिशा के मुख्यमंत्री की सेहत ठीक नहीं है और वह नियमित कर्तव्यों को भी पूरा करने की स्थिति में नहीं हैं.

मोदी के बयान के कुछ घंटों के बाद ही पटनायक की यह प्रतिक्रिया आई है. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि अगर ओडिशा की सत्ता में बीजेपी आती है तो एक समिति बनाई जाएगी जो पटनायक के स्वास्थ्य में अचानक आई गिरावट का आकलन करेगी.

Recent News