अचानक घर से लापता हुईं थीं 3 सहेलियां, परिजनों ने दर्ज कराया अपहरण का केस, एक इस हालत में मिली

Amanat Ansari 02 Nov 2025 12:21: PM 1 Mins
अचानक घर से लापता हुईं थीं 3 सहेलियां, परिजनों ने दर्ज कराया अपहरण का केस, एक इस हालत में मिली

लखनऊ: बरेली के बारादरी इलाके से 29 अक्टूबर को अचानक गायब हुईं तीन 17 साल की सहेलियां पुलिस की पकड़ में आने लगी हैं. इनमें से एक को अमरोहा के गजरौला से बरामद कर लिया गया, जबकि बाकी दो की तलाश में पुलिस की टीमें हिमाचल के सोलन और उत्तराखंड के रुद्रपुर पहुंच गई हैं. जांच से पता चला कि तीनों अपनी मर्जी से घर छोड़कर भागी थीं और इसमें एक लड़की ने बाकी दोनों को नौकरी व आजादी का लालच देकर भगाया था.

पुलिस के मुताबिक, दोपहर में कपड़ा खरीदने के बहाने घर से निकली तीनों शाम तक नहीं लौटीं. परिजनों की तलाश बेकार जाने पर अगले दिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई, जिसे बाद में अपहरण का मुकदमा बना दिया गया. मोबाइल न होने से सीसीटीवी फुटेज ही सहारा बनी. वीडियो में दिखा कि ऑटो से सेटेलाइट बस अड्डा पहुंचीं और दिल्ली की बस पकड़ ली.

अमरोहा से मिली लड़की की पूछताछ ने पूरा राज खोल दिया. असल मास्टरमाइंड हिमाचल गई सहेली निकली, जो पहले सोलन की दवा कंपनी में पैकिंग का काम कर चुकी थी. वहां अमरोहा के एक लड़के से उसका अफेयर हो गया. घरवालों को पता चलते ही उसे बरेली बुलाकर मोबाइल छीन लिया गया. जिद पर अड़ी कि प्रेमी से शादी करेगी, तो उसने दोनों सहेलियों को दिल्ली या हिमाचल में नौकरी कर आजाद जिंदगी जीने का सपना दिखाया और साथ ले भागी.

गजरौला पहुंचकर प्रेमी से मिलीं, दो दिन रुकीं, फिर एक हिमाचल निकल गई, दूसरी रुद्रपुर और तीसरी अमरोहा में रुक गई. पुलिस अब बाकी दोनों को जल्द सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपने की तैयारी में है. सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि सभी अपनी मर्जी से गई थीं, कोई अपहरण नहीं हुआ. पुलिस सभी की तलाश में दिन रात एक की हुई है.

Bareilly missing girls Uttar Pradesh news UP police investigation

Recent News