लखनऊ : आजमगढ़ से संदिग्ध आतंकी मोहम्मद शेख की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि आजमगढ़ को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है, लेकिन बार-बार आतंकवाद से जुड़े मामलों में इसी जिले का नाम सामने आना कई सवाल खड़े करता है. राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि क्या समाजवादी पार्टी के गढ़ में आतंकवादी ही पैदा होते हैं. हालांकि, उन्होंने इस कार्रवाई के लिए एटीएस की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता के साथ काम कर रही हैं. ओमप्रकाश राजभर पिछले कुछ समय से समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर हैं.
अमेठी, चंदौली, कौशांबी और गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड समेत कई मुद्दों को लेकर वह सपा नेतृत्व को घेरते रहे हैं. हाल ही में उन्होंने अखिलेश यादव के लंदन दौरे पर भी सोशल मीडिया के जरिए कटाक्ष किया था. दरअसल, विवाद की शुरुआत तब हुई जब समाजवादी पार्टी ने एक पोस्टर जारी कर 2024 से 2026 के बीच राजभर समाज के लोगों की हुई हत्याओं का मुद्दा उठाया. इसके जवाब में राजभर ने सपा पर पलटवार करते हुए कहा कि केवल मृतकों के नाम गिनाने से काम नहीं चलेगा, यह भी बताया जाना चाहिए कि हत्यारे कौन थे.
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का तथाकथित MY समीकरण राजभर समाज के लोगों को निशाना बना रहा है. इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है.