नई दिल्ली: बिहार में तीन जिलों के सिविल कोर्ट्स को बम से उड़ाने की गुमनाम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. 8 जनवरी 2026 को एक अज्ञात ईमेल के माध्यम से यह धमकी दी गई, जिसमें दावा किया गया कि कोर्ट परिसरों में RDX से बने तीन विस्फोटक उपकरण प्लांट कर दिए गए हैं और वे जल्द ही डेटोनेट हो सकते हैं.
इस धमकी का असर पटना, गया और किशनगंज के सिविल कोर्ट्स पर पड़ा. सूचना मिलते ही अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की और सभी कोर्ट कॉम्प्लेक्स को खाली करा दिया गया. जजों, वकीलों, कर्मचारियों और मुकदमेबाजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि कैदियों को वापस जेल भेज दिया गया. कोर्ट के सभी प्रवेश द्वार सील कर दिए गए और पूरे क्षेत्र को पुलिस की घेराबंदी में ले लिया गया.
पटना सिविल कोर्ट में रजिस्ट्रार के ईमेल पर यह मैसेज पहुंचा, जिसके बाद पीरबहोर थाना पुलिस और टाउन डीएसपी की टीम मौके पर पहुंची. गया में एसएसपी की देखरेख में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जबकि किशनगंज में एसपी सागर कुमार ने साइबर सेल को सक्रिय कर ईमेल के स्रोत का पता लगाने के निर्देश दिए.
सुरक्षा के मद्देनजर तीनों जगहों पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तैनात की गईं. हर कोने, चैंबर और बेंच की बारीकी से जांच की जा रही है. फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है.