NDA की जीत और पत्नी की हार पर जश्न मना रहे पवन सिंह, उधर हार से दुखी पत्नी ज्योति ने कर दिया बड़ा ऐलान

Amanat Ansari 15 Nov 2025 11:46: AM 2 Mins
NDA की जीत और पत्नी की हार पर जश्न मना रहे पवन सिंह, उधर हार से दुखी पत्नी ज्योति ने कर दिया बड़ा ऐलान

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने एक बार फिर धमाकेदार वापसी की. पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठबंधन ने बहुमत के साथ सत्ता पर कब्जा जमाया, जिससे पूरे राज्य में खुशी की लहर दौड़ गई. लेकिन इसी जीत के बीच भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह की निर्दलीय उम्मीदवारी पर मिली करारी हार ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.

काराकाट सीट से मैदान में उतरीं ज्योति को सिर्फ 23,469 वोट मिले, जबकि जीत सीपीआई(एमएल) के अरुण सिंह के खाते में गई, जिन्हें 74,157 मत हासिल हुए. जेडीयू के महाबली सिंह दूसरे स्थान पर रहे. ज्योति की यह हार उनके और पवन सिंह के बीच चल रहे विवादों को फिर से सुर्खियों में ले आई. चुनाव से ठीक पहले दोनों के बीच सीट को लेकर खुली तनातनी हुई थी, जिसके बाद पवन ने बीजेपी का टिकट ठुकरा दिया और ज्योति ने निर्दलीय ताल ठोकी.

इसी बीच पवन सिंह ने एनडीए की जीत पर सोशल मीडिया पर एक जोरदार पोस्ट शेयर किया, जो अब वायरल हो चुका है. पोस्ट में वे मोदी और नीतीश के साथ नजर आ रहे हैं. पोस्टर पर लिखा है, ''एनडीए ही बिहार का भरोसा… एनडीए ही बिहार का भविष्य.'' कैप्शन में उन्होंने लिखा, ''बिहार की जनता को कोटि-कोटि धन्यवाद! बिहार के जन-जन का हृदय से आभार.'' यह पोस्ट देखते ही देखते इंटरनेट पर ट्रेंड करने लगी. लोग ज्योति की हार और पवन की खुशी पर तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. कोई इसे पारिवारिक ड्रामा बता रहा है, तो कोई एनडीए की लहर का जलवा.

बता दें कि पवन और ज्योति का रिश्ता लंबे समय से चर्चा में है. तलाक की अफवाहें, एलिमनी के मुद्दे और आपसी आरोप-प्रत्यारोप की खबरें लगातार सुर्खियां बटोरती रही हैं. ज्योति ने पवन पर गंभीर इल्जाम लगाए थे, जिसे पवन ने सियासी साजिश करार दिया. प्राशांत किशोर से उनकी मुलाकात के बाद राजनीतिक एंट्री की अटकलें तेज हो गई थीं, लेकिन नतीजों ने साफ कर दिया कि काराकाट में जनता का झुकाव एनडीए और वाम दलों की ओर ही रहा.

भोजपुरी सिनेमा के ''पावर स्टार'' पवन सिंह उत्तर भारत में लाखों फैंस के चहेते हैं. ''दबंग'' इमेज वाले इस स्टार ने हाल ही में रियलिटी शो ''राइज एंड फॉल'' में धूम मचाई. अब वे बॉलीवुड की ओर भी कदम बढ़ा चुके हैं. ''स्त्री 2'' के गाने में उनकी आवाज गूंज रही है. 2024 लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उतरने पर बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था, लेकिन अब एनडीए की इस जीत ने उन्हें फिर से मजबूती दे दी है.

चुनाव ने सिर्फ सियासी समीकरण नहीं बदले, बल्कि पवन-ज्योति जैसे सेलिब्रिटी कपल की जिंदगी को भी आईना दिखा दिया. पवन का यह उत्साहपूर्ण पोस्ट उनके रिश्ते पर क्या असर डालेगा? यह तो वक्त बताएगा, लेकिन फिलहाल बिहार की सत्ता एनडीए के हाथों में है और पवन सिंह की खुशी देखते ही बन रही है!

उधर हार के बाद ज्योति सिंह ने कहा, :मैं हार नहीं मानती- और न ही काराकाट के लिए मेरे सपने रुकने वाले हैं. आज परिणाम चाहे जो हो, पर मेरी लड़ाई, मेरा कार्य और मेरा समर्पण अब पहले से कई गुना अधिक मजबूत है. मैं आपकी बेटी, आपकी बहन, आपकी प्रतिनिधि बनकर आने वाले समय में भी आपके सुख-दुख में साथ खड़ी रहूंगी. आप सबने जो प्यार दिया, उसे मैं हमेशा अपने दिल में सहेजकर रखूंगी. काराकाट की हर आवाज-मेरी आवाज है. काराकाट की हर उम्मीद-मेरा संकल्प है."

Pawan Singh NDA victory Jyoti Singh Karakat Bihar election result

Recent News