मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बिरहा गायिका के द्वारा आपत्तिजनक गीत गाने के बाद बड़ा विवाद सामने आया है. हिंदुओं के विरोध के बाद मड़िहान क्षेत्र की रहने वाली बिरहा गायिका सरोज सरगम व उनके पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. सरोज सरगम पर आरोप है कि उन्होंने यूट्यूब पर अपने एक गाने में मां दुर्गा के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था और उसे अपलोड भी किया. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कि हिंदू संगठनों व आम लोगों में आक्रोश फैल गया. वहीं, आरोप को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया.
एसएसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गीत वायरल होने के बाद आरोपी दंपत्ति को मड़िहान थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. जांच में सामने आया कि गाने की रिकॉर्डिंग व शूटिंग में पति अपने पत्नी की मदद की थी. वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरोज सरगम के कब्जे से वन विभाग की 15 बीघा से ज्यादा की जमीन भी मुक्त कराई है. राजस्व विभाग की टीम ने नापी कर कब्जे की पुष्टि की, जिसके बाद जमीन को खाली कराया है.
यूट्यूब पर गीत आने के बाद मामले ने सोशल मीडिया पर जोर पकड़ लिया था. बड़ी संख्या में लोग एक्स और अन्य प्लेटफॉर्म पर गानों और थंबनेल के स्क्रीनशॉट साझा कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की. विवादित गाने में महिषासुर राक्षस का जिक्र करते हुए मां दुर्गा पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी, जिससे लोगों में गुस्सा चरम पर पहुंच गया था. विवादित वीडियो में न सिर्फ गीत के बोल ही थे, बल्कि थंबनेल पर लिखे गए शब्द भी बेहद आपत्तिजनक थे. यही कारण है कि पुलिस पर दबाव बढ़ता गया और विरोध के बीच कार्रवाई की गई.