नई दिल्ली: देश के नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को औपचारिक रूप से शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उन्हें शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. पदभार ग्रहण करने के बाद जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताए गए विश्वास के लिए वह कृतज्ञ हैं और इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी विनम्रता, ईमानदारी और कर्तव्यबोध के साथ करेंगे.
कार्यभार संभालने के बाद प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन पर भरोसा जताकर एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. उन्होंने कहा, मैं पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ इस दायित्व को निभाने का प्रयास करूंगा तथा प्रधानमंत्री की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा.
जोशी ने अपने पूर्ववर्ती शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यों की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि पिछले चार-पांच वर्षों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के प्रभावी क्रियान्वयन सहित शिक्षा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार हुए हैं और देश की शिक्षा व्यवस्था नई दिशा में आगे बढ़ी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन सुधारों की गति को आगे भी जारी रखा जाएगा.
बता दें कि प्रह्लाद जोशी फिलहाल उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. अब शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद उनके कंधों पर देश की शिक्षा व्यवस्था को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी आ गई है.