मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से क्रेमलिन में मुलाकात की. पुतिन ने कहा कि इस साल रूस और भारत के बीच कारोबार बढ़ा है. उन्होंने बताया कि पिछले साल इसमें थोड़ी कमी आई थी, लेकिन इस साल यह फिर से बढ़ रहा है.
पुतिन ने जयशंकर को संबोधित करते हुए कहा, “आपकी आज की यात्रा रूस-भारत के बीच दशकों से कायम रिश्तों की मजबूती को दिखाती है. दोनों देश व्यावहारिक तौर पर लगभग सभी क्षेत्रों में अपना सहयोग जारी रखे हुए हैं.”
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पुतिन से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी SCO समिट में उनसे मिलने का इंतजार कर रहे हैं. इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी BRICS समिट के लिए पुतिन का भारत में स्वागत करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों नेताओं की सालाना बैठक भी आपसी सुविधा के मुताबिक जल्द होगी.
जयशंकर रविवार को मॉस्को पहुंचे थे. वह रूस के अपने दो दिन के दौरे पर हैं. उनका यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब रूसी राष्ट्रपति पुतिन के 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले BRICS समिट में शामिल होने की उम्मीद है.
जयशंकर ने सोमवार को रूस के उपप्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से भी मुलाकात की. दोनों नेताओं ने भारत-रूस के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की. जयशंकर ने कहा कि भारत-रूस साझेदारी ने लगातार बदलती परिस्थितियों के मुताबिक खुद को मजबूत और बेहतर तरीके से ढाला है. दुनिया में मुश्किल हालात के बावजूद दोनों देशों के रिश्ते लगातार गहरे हुए हैं.