भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार, 31 अगस्त को आगामी मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के लिए भारत की अंडर 19 टीम का चयन किया है. गौरतलब हो ये सीरीज भारतीय अंडर-19 और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच खेला जाएगा. इस टीम चयन में सबसे चर्चित नाम रहा है समित द्रविड़ का, जो भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व भारतीय कोच राहुल द्रविड़ के बेटे हैं. समित को रेड-बॉल और व्हाइट-बॉल दोनों टीमों में जगह मिली है.
18 साल के समित हाल ही में महाराजा टी20 ट्रॉफी में मैसूर वारियर्स के लिए खेलते हुए नजर आए थे. हालांकि, इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. उन्होंने सात पारियों में सिर्फ 82 रन बनाए, जिसमें उनका औसत महज 11.71 और स्ट्राइक रेट 113.88 का रहा. इस टूर्नामेंट में उनका हाईएस्ट स्कोर 33 रन था, जो उन्होंने गुलबर्गा मिस्टिक्स के खिलाफ बनाया था. इस पारी में उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया था.
हालांकि, इस छोटे से टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन के बावजूद, उन्हें भारत अंडर-19 टीम में जगह मिली है. यह चयन उनके क्रिकेट करियर के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है. इस बीच, आगामी सीरीज में उत्तर प्रदेश के मोहम्मद अमान को एकदिवसीय टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि सोहम पटवर्धन को चार दिवसीय मैचों में टीम की अगुवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
भारत अंडर-19 टीम 21, 23 और 26 सितंबर को पुदुचेरी में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ तीन 50 ओवर के मैच खेलेगी. इसके बाद, चेन्नई में 30 सितंबर से दो चार दिवसीय मैचों की सीरीज शुरू होगी. समित द्रविड़ का चयन भारतीय क्रिकेट के युवा प्रतिभाओं के लिए एक सकारात्मक संकेत है. हालांकि उन्होंने महाराजा टी20 ट्रॉफी में कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया था, लेकिन चयनकर्ताओं ने उनकी क्षमता और संभावनाओं को देखते हुए उन्हें मौका दिया है.
यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इस श्रृंखला में कैसा प्रदर्शन करते हैं और क्या वह अपने पिता राहुल द्रविड़ की तरह क्रिकेट में अपना नाम रोशन कर पाते हैं. इस सीरीज के दौरान सभी की निगाहें समित के प्रदर्शन पर रहेंगी, क्योंकि भारतीय क्रिकेट के फैंस इस युवा क्रिकेटर से बहुत उम्मीदें लगाए बैठे हैं.